1
1
1
2
3
(हर्ष श्रीवास्तव) जालंधर: जालंधर में शनिवार सुबह पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी की टांग में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से काबू कर इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरनतारन निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी कथित तौर पर डोनी बल गैंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस टीम आरोपी को एक मामले में पूछताछ और हथियार बरामदगी के लिए अपने साथ लेकर गई थी।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस टीम आरोपी को जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने की कोशिश की और कथित तौर पर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों तरफ से कुल तीन राउंड फायर हुए। पुलिस की गोली आरोपी की टांग में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर लिया और इलाज के लिए सिविल अस्पताल जालंधर पहुंचाया।
घटनास्थल से पुलिस ने गोली का एक खोल भी बरामद किया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में आरोपी के आपराधिक नेटवर्क, कथित गैंग से उसके संबंध और बरामद हथियार के स्रोत को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।