जालंधर वेस्ट में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक पेटियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार
हर्ष श्रीवास्तव (जालंधर): वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में पुलिस और एक्साइज विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर में रेड कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। इस दौरान आरोपी राजिंदर कुमार उर्फ राजू चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, एक्साइज विभाग और पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नाखा वाले बाग, मधुबन कॉलोनी स्थित एक रिहायशी मकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

रेड के दौरान घर से करीब 50 से 60 पेटियां व्हिस्की बरामद की गईं। मौके पर एक्साइज विभाग के अधिकारियों के साथ एसपी, एसीपी और संबंधित थाना एसएचओ भी मौजूद रहे।
मामले की जानकारी देते हुए एक्साइज विभाग के अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि पहले भी इस स्थान पर चेकिंग की जा चुकी थी, लेकिन इस बार बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई है।
वहीं एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि आरोपी लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त था और रिहायशी मकान का गलत इस्तेमाल कर रहा था। रेड के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जांच के दौरान घर से 4 सिलेंडर भी बरामद किए गए, जिन्हें जांच के बाद संदिग्ध व्यक्तियों को लौटाने की बात कही गई है।
इसके अलावा, नगर निगम की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने इमारत का निरीक्षण किया। निगम की ओर से भी नियमों के उल्लंघन को लेकर अलग से कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जिनकी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है।

