जालंधर में संदिग्ध हालात में युवक की मौत, नशे की लत बनी वजह?
(हर्ष श्रीवास्तव) जालंधर के तेल वाली गली से एक दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो स्थानीय निवासी था।
परिवार के अनुसार, संजय नशे का आदी था। मृतक की मां कंचन ने बताया कि उनका बेटा दवाई लेने के बहाने घर से गया था, लेकिन देर रात जब वह वापस लौटा तो उसकी हालत काफी खराब थी। वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और बार-बार गिर रहा था।
मां के मुताबिक, रात करीब 9 बजे जब उन्होंने बेटे की हालत देखी तो वह अचेत अवस्था में था। तुरंत डॉक्टर विजय को घर बुलाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कंचन ने यह भी बताया कि संजय अक्सर परिवार में झगड़ा करता था और झगड़े के बाद अपने जेठानी के घर चला जाता था। घटना वाले दिन भी वह घर से आटा खरीदने के लिए 400 रुपये लेकर गया था, लेकिन आशंका है कि उसने उन पैसों से नशा खरीदा और इंजेक्शन के जरिए सेवन किया।
परिवार के सदस्य गुरमीत सिंह ने प्रशासन से न्याय की मांग करते हुए कहा कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने पंजाब सरकार से अपील की कि नशे के आदी लोगों के लिए मुफ्त इलाज की व्यवस्था की जाए।
गुरमीत सिंह ने आरोप लगाया कि इलाके में खुलेआम नशा बिक रहा है और युवा आसानी से नशीली गोलियां व अन्य पदार्थ खरीद रहे हैं, जिससे उनकी जान जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर पंजाब में बढ़ते नशे के खतरे को उजागर करती है।

