1
1
(हर्ष श्रीवास्तव) शहर के प्रमुख BSF चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया जब एक खड़ी एक्टिवा में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाके के बाद एक्टिवा पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक डिलीवरी बॉय BSF परिसर के बाहर अपनी एक्टिवा खड़ी कर अंदर पार्सल देने गया था। इसी दौरान उसकी गाड़ी में विस्फोट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।

पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं। मौके पर फॉरेंसिक टीमों को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने का काम कर रही हैं। इसके साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
डिलीवरी बॉय को फिलहाल BSF परिसर में बैठाकर उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि या तो पार्सल में कोई संदिग्ध वस्तु हो सकती है या फिर धमाका किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ हो।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और धमाके के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है।