Popular Posts

Print Digital Media Association ने हर्षोल्लास से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

(हर्ष श्रीवास्तव) जालंधर। Print Digital Media Association (PDMA) की ओर से देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बेहद हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर PDMA के कार्यालय को तिरंगे झंडों एवं राष्ट्रीय रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह में PDMA से जुड़े पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर भारत की आजादी के संघर्ष और हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रदर्शित की गई। डॉक्यूमेंट्री में देश के विभाजन, भारत-पाकिस्तान के बंटवारे तथा उस दौर की परिस्थितियों और आम लोगों द्वारा झेले गए दर्दनाक दौर को दर्शाया गया। फिल्म ने उपस्थित सभी लोगों को इतिहास के उस अध्याय से रूबरू कराया, जिसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम और देश के भविष्य को गहराई से प्रभावित किया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि अनगिनत शहीदों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की विरासत है। स्वतंत्र भारत के नागरिक होने के नाते हमारा दायित्व है कि हम देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और भाईचारे को मजबूत करने में अपना योगदान दें।
समारोह के अंत में देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण के बीच ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया और इसके पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय भावना से गूंज उठा।
इस मौके पर PDMA के पंजाब प्रधान रविंदर शर्मा, चेयरमैन मनोज नन्हा, जिला प्रधान विशाल कुंद्रा,बिट्टू ओबेरॉय,सुनील कुमार, शैली, गौरव ग्रोवर, रमेश कुमार, अजय,गौरव सिद्धू, विनोद भट्टी, दीपक, कारण कुमार, परवीन, दीपाली ,रिकी और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। PDMA से जुड़े पदाधिकारी, सदस्य एवं पत्रकार भाईचारा मौजूद रहा।
Print Digital Media Association ने इस अवसर पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, शांति, लोकतंत्र और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *