Popular Posts

जालंधर में बीकानेर स्वीट्स एंड बेकर की दुकान में चोरी, शटर उखाड़कर नकदी और DVR ले गए चोर

(हर्ष श्रीवास्तव) जालंधर: शहर में चोरी की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। थाना नंबर 7 के अंतर्गत गढ़ा रोड स्थित बीकानेर स्वीट्स एंड बेकर की दुकान को देर रात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश दुकान का शटर उखाड़कर अंदर दाखिल हुए और तिजोरी में रखी करीब 90 से 92 हजार रुपये की नकदी के साथ दुकान का DVR भी चोरी कर फरार हो गए।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा मिला शटर

वारदात का पता सुबह उस समय चला, जब दुकानदार गणेश का भाई दुकान खोलने पहुंचा। दुकान का शटर टूटा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और तिजोरी से नकदी गायब थी।

दुकानदार गणेश के मुताबिक, वह और उसका भाई रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके घर गए थे। सुबह जब भाई दुकान पहुंचा तो चोरी की घटना सामने आई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

नकदी के साथ DVR भी ले गए चोर

पीड़ित के अनुसार, चोर दुकान से करीब 90 से 92 हजार रुपये नकद और CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग रखने वाला DVR अपने साथ ले गए। DVR चोरी होने के कारण पुलिस के लिए दुकान के अंदर की CCTV रिकॉर्डिंग हासिल करना मुश्किल हो गया है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर पाल ने दुकानदार से मौके पर मौजूद सामान को नहीं छूने की अपील की, ताकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम जरूरी साक्ष्य जुटा सके।

फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है।

आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

एएसआई बलविंदर पाल के अनुसार, दुकानदार गणेश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में करीब 90 हजार रुपये नकद और DVR चोरी होने की बात सामने आई है।

पुलिस अब दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।

फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *