1
1
(हर्ष श्रीवास्तव) जालंधर में महिला की टॉयलेट क्लीनर पिलाकर हत्या:पति-सास ने हार्पिक पिलाया, फिर अस्पताल में छोड़कर भागे; अवैध संबंधों का विरोध किया था
जालंधर में अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति व सास ने महिला को जबरन टॉयलेट साफ करने वाला हार्पिक पिला दिया। जिसके बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जान बचाने के लिए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया।
इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मरने से पहले महिला ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे। उसमें महिला ने आरोप लगाया था कि उसका पति अपनी मां व उसकी बेटी को लेकर अस्पताल से फरार हो गया।
महिला बोलने की हालत में नहीं थी तो उसने लिखकर अपना बयान दिया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति व सास के खिलाफ FIR दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
3 पॉइंट में जानिए, महिला के साथ क्या हुआ…
7 साल पहले शादी हुई, 6 साल की बेटी: पुलिस के मुताबिक संगरूर के धूरी की रहने वाली नेहा की शादी करीब 7 साल पहले करतारपुर के उमंग बस्सी से हुई थी। शादी के बाद दोनों की बेटी हुई, जिसकी उम्र अब 6 साल है। नेहा करतारपुर में अपने पति, सास कुसुम बस्सी व 6 साल की बेटी के साथ रहती थी। शादी के बाद कुछ समय तक उनकी जिंदगी सही चल रही थी।
पीड़िता बोली- एक लड़की से संबंध, विरोध पर विवाद हुआ: पुलिस के मुताबिक मजिस्ट्रेट को दिए बयान में नेहा ने कहा कि उसके पति उमंग बस्सी के सतनाम कौर नाम की लड़की से अवैध संबंध हैं। जब उसे इसका पता चला तो उसने विरोध किया। जिस वजह से उनके बीच विवाद रहने लगा। छोटी-छोटी बातों पर पति उससे झगड़ा करता रहता था।
अवैध संबंधों के विरोध पर झगड़ा हुआ, हार्पिक पिलाया: मजिस्ट्रेट को दिए बयान में नेहा ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते वह पति के आगे विरोध करती रहती थी। 19 अगस्त को फिर उनके बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद पति और सास ने मिलकर जबरन उसे टॉयलेट साफ करने वाला हार्पिक पिला दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद उसे फोर्टिस अस्पताल में छोड़कर भाग निकले।
भाई बोला- 24 घंटे बाद बताया, आरोपी पति अस्पताल में घूमता रहा
नेहा के भाई अमरीश कुमार ने बताया कि संगरूर में मायके वालों को घटना की जानकारी करीब 24 घंटे बाद मिली। उन्होंने पुलिस पर ढील बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आरोपी पति शुक्रवार सुबह तक अस्पताल में ही घूम रहा था और बाद में अपनी मां और 6 साल की बच्ची को लेकर वहां से चला गया। परिजन अब दोनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने केस दर्ज किया, आरोपियों की तलाश जारी
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज बयान के आधार पर करतारपुर पुलिस ने 21 अगस्त को BNS की धारा 123, 109 और 85 के तहत उमंग बस्सी और कुसुम बस्सी के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में पति और सास पर लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

