1
1
1
3
(हर्ष श्रीवास्तव): पंजाब में इन दिनों वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर अब राज्य में भी देखने को मिल रहा है। हालात यह हैं कि प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई लगभग बंद हो चुकी है और कई जगहों पर सिर्फ 2 से 3 दिन का ही स्टॉक बचा है।
इस संकट का सबसे ज्यादा असर शादी-विवाह के सीजन पर पड़ सकता है। जानकारी के अनुसार, गैस की कमी के कारण कई जगहों पर शादियों के मेन्यू में व्यंजनों की संख्या कम करनी पड़ सकती है।
पंजाब होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरवीर सिंह ने बताया कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। जिन परिवारों के घरों में शादी या अन्य समारोह हैं, उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर अगले एक-दो दिनों में कोई समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस मुद्दे पर चर्चा के लिए एक बैठक भी बुलाई गई है।
फिलहाल गैस एजेंसियां पुरानी बुकिंग को ही क्लियर करने में लगी हुई हैं, जिसके चलते करीब 7 से 8 दिनों का बैकलॉग बन गया है। हालांकि जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी सरताज सिंह चीमा का कहना है कि अभी घरेलू सिलेंडरों की सप्लाई में कोई समस्या नहीं है।
वहीं दूसरी ओर लुधियाना और फरीदकोट में सर्वर डाउन होने के कारण घरेलू सिलेंडरों की बुकिंग भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा फरीदकोट, होशियारपुर और पटियाला समेत कई जिलों में सोमवार से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
स्थिति ऐसी बन गई है कि कई परिवार शादी की तैयारियों के बीच रिश्तेदारों और दोस्तों से एलपीजी सिलेंडर उधार लेने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। गैस की कमी के कारण पंजाब में होने वाली 10 हजार से ज्यादा शादियों के मेन्यू पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।