Popular Posts

जालंधर: जिम ट्रेनर निकला नशा तस्कर! लोहे की रॉड में छुपाकर अमेरिका भेज रहा था अफीम, महिला पुलिस अधिकारी से जुड़े तार!

(हर्ष श्रीवास्तव) : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालंधर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी असल पहचान जानकर हर कोई हैरान रह गया। आरोपी कोई आम व्यक्ति नहीं, बल्कि पेशे से एक जिम ट्रेनर है—जो एक तरफ लोगों को फिटनेस और सेहत का पाठ पढ़ाता था, वहीं दूसरी तरफ खुद नशे की तस्करी के गोरखधंधे में शामिल था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम कुमार निवासी जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अफीम बरामद की है, लेकिन असली चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब उसकी तस्करी का तरीका सामने आया।

जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से अफीम को लोहे की रॉड के अंदर भरवाकर उसे वेल्डिंग से बंद कर देता था, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद इन रॉड्स को पार्सल के जरिए विदेश, खासकर अमेरिका भेजा जाता था।

थाना भार्गव कैंप पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जालंधर में ऐसा नेटवर्क सक्रिय है, जो लोहे के सामान के अंदर नशा छुपाकर विदेश भेज रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जाल बिछाया। सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार शाम को भार्गव कैंप इलाके में ट्रैप लगाया। जैसे ही आरोपी बाइक पर लोहे की रॉड लेकर पार्सल करने जा रहा था, पुलिस ने उसे रोक लिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर लिया।

जब लोहे की रॉड को काटकर देखा गया, तो उसके अंदर से करीब 150 ग्राम अफीम बरामद हुई। जांच में यह भी सामने आया कि यह पार्सल अमेरिका भेजा जाना था। सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क के तार एक महिला पुलिस अधिकारी से भी जुड़े बताए जा रहे हैं, जिसका जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।

फ़िलहाल पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है। ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी जल्द पर्दाफाश किया जा सके और पूरे गिरोह को जड़ से खत्म किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *