Popular Posts

3.5 करोड़ के चेक बाउंस मामले में बड़ा फैसला, MLA अनमोल गगन मान के पति समेत 3 को 2-2 साल की सजा

हर्ष श्रीवास्तव चंडीगढ़: डेरा बस्सी की अदालत ने चेक बाउंस के एक बड़े मामले में अहम फैसला सुनाया है। हाउसिंग प्रोजेक्ट में हिस्सेदारी से जुड़े करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में तीन दोषियों को दो-दो साल की सजा सुनाई गई है।

इस मामले में खरड़ से आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान के पति शाबाश सिंह सोही, जतींदर सिंह नोनी और नछत्तर सिंह को अदालत ने दो-दो साल की कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही तीनों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

जानकारी के अनुसार, राजपुरा इलाके में एक हाउसिंग प्रोजेक्ट में प्लॉटों की खरीद-फरोख्त को लेकर सौदा हुआ था। सौदा पूरा न होने पर साढ़े तीन करोड़ रुपये के चेक दिए गए, लेकिन वे चेक बाउंस हो गए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने वर्ष 2018 में अदालत का रुख किया था।

लंबी सुनवाई के बाद अब डेरा बस्सी अदालत ने तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। हालांकि, फैसले के तुरंत बाद तीनों आरोपियों ने मौके पर ही जमानत ले ली है और इस फैसले को उच्च अदालत में चुनौती दी जा सकती है।

शिकायतकर्ता पक्ष इस फैसले से संतुष्ट नजर आ रहा है और उनका कहना है कि लंबे समय से चल रहे इस मामले में आखिरकार उन्हें इंसाफ मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *